Showing posts with label My Poetry. Show all posts
Showing posts with label My Poetry. Show all posts

Monday, July 11, 2016

आज की लिखाई

बारिश के दिन बड़े उदासी लगते हैं 
ताज़े पत्ते सारे बासी लगते हैं 

बारिश और हम-तुम भीगें स्कूटर पर 
शीशे कार के सत्यानासी लगते हैं 

गलियों में बारिश कीचड़ जो असली थे 
दसवीं मंज़िल से आभासी लगते हैं 

अंदर बाहर सब पानी हो जाता है
सारे जन पानी के वासी लगते हैं 

पोखर भरते एक छलावा हैं लेकिन 
कुछ दिन को तो बारामासी लगते हैं 

व्यस्त परिंदे, उगते अंकुर, हँसते बच्चे  
तुम बिन मुझको सब उपहासी लगते हैं

Friday, February 20, 2015

वसन्त के रंग और अतीत की कविताई

पिछले वर्ष वसन्त के साथ हर दिन एक बार ब्लॉग लिखा था - फोटोग्राफ़ी वाला। १७ दिन, १७ तस्वीरें, १७ भाव... आज फिर से वो सब पढ़ा. अपने अतीत को पढ़ना अपने भविष्य को पढ़ने से भी अधिक दुष्कर होता है. खैर, वो अतीत आपका नहीं, सो आप इसको पढ़िए.

तस्वीरों के साथ पढ़ने के लिए यहाँ देखें।

वसन्त - 1 
कल वसन्त का प्रथम दिवस था....
जानती हो ना कि वसन्त वो ऋतु है
जिसमें प्रकृति स्वयं का श्रृंगार करती है
- पुष्पों से.
सो मैं भी तुमको प्रतिदिन
एक पुष्प अर्पित करूंगा.
अब यही थाती है जो तुमको अर्पित करूँ
और तुम नकार न सको.
श्रद्धा-सुमन स्वीकार करना तो
देवता की मजबूरी होती है ना.
- कवि और कविता

वसन्त - 2 
ये अनचाहे फूल हैं - विदेश से लाये गए...
और परदेस में भी अवांछित.
कितने रिश्ते फूलों जैसे होते हैं
और
कितने फूल रिश्तों जैसे,
है ना.

वसन्त - 3 
ये नयनतारा है. इसको बहुत बढ़ना - कढ़ना था...
लेकिन अब ये केवल एक फूल का नाम हो कर रह गया है.

वसन्त - 4 
ये अमलतास के झूमर हैं - कुछ ही दिनों में कम्पनी बाग़ इनसे भर जाएगा.
और अगर मैं वहाँ जा पाया तो अपने बचपन में एक डुबकी मार आऊँगा.

वसन्त - 5 
ये भारत के सुदूर प्रान्त - मिजोरम - से हैं.
वहाँ से और भी पता नहीं क्या-क्या लाया था.
देखना अब भी तुम्हारे पास शायद कुछ बचा हो.
मेरे पास तो केवल यही फूल बचा है.

वसन्त - 6 
तुम्हे पता है - ये सफ़ेद पत्तियां नहीं फूल हैं.
और ये सादामिजाज़ी आई भी तो गोआ से.
अरमानों की ज़मीन से सब ख्वाब ही सादे निकले.

वसन्त - 7 
ये डहेलिया है - खूबसूरत, रंगीन, घुमावदार,
और मोहपाश में बाँध लेने वाले -
बिल्कुल तुम्हारी याद आ जाती है इनसे!

वसन्त - 8 
बबूल - छोटे से फूल, बड़े काँटे...
फूल तात्पर्य-विहीन, और काँटे -
उनसे तो तुमने खूब काम लिया होगा ना...

वसन्त - 9 
इतने सारे पत्तों, दलदल, और परीक्षाओं के बीच भी कमल ऐसा निर्मल रहा
कि दैवी उपासना में अपना स्थान बना पाया.
कहाँ बच पाते हैं हम सब ऐसे कल्मष से!

वसन्त - 10 
अद्भुत है ना - वो जगह ही ऎसी थी.
या शायद वो साथ.
या शायद वो उम्र...
जो ऐसी तस्वीरें मिल जाती थीं.
अब तो वैसा कहाँ कभी कुछ मिलता है.

वसन्त - 11 
ये कागज़ के फूल हैं...
कल खिले थे जब तब भी सूखे थे
आज जब खुमार उतर गया,
तब भी सूखे हैं.
कागज़ के फूल
ज़िन्दगी के फूल भी कहे जा सकते हैं!

वसन्त - 12 
रजनीगंधा फूल तुम्हारे
महके यूँ ही जीवन में...

वसन्त - 13 
ये पीले फूल -
इनका नाम पता था...
लेकिन सालों तक भूला रहा.
फिर एक दिन
एकदम से याद आ गया.
ऐसी बहुत सी बातें हैं,
जो मैं भूला रहता हूँ
और फिर,
वो याद आ जाती हैं...
और फिर भूलती ही नहीं!

वसन्त - 14 
ये लाल रंग - ये न पूछो कि क्या याद दिलाता है.
ये पूछो कि ये लाल रंग क्या-क्या याद नहीं दिलाता.

वसन्त - 15 
कोई फूल खूबसूरत कब होता है?
जब उसे बगीचे या गुलदान में सजा कर रखा जाए तब?
क्या वो फूल खूबसूरत नहीं होता,
जो जंगल में कहीं गुमनाम सा खिला हो?

तुम्हें प्यार करना क्या ज़रूरी है कि
तुम्हारी अनुमति से ही किया जाए?
वो प्रेम क्या कम पवित्र होगा
जो जीवन भर तुम्हें समर्पित रहे -
बिना तुम्हारे प्रयास के,
बिना तुम्हारे जाने,
बिना तुम्हें पाने के प्रयास के!

वसन्त - 16 
गुलमुहर तुमने हमेशा देखा होगा -
 गहरे सुर्ख रंग में खिला हुआ!
लेकिन एक गुलमुहर ये भी है -
सुर्ख नहीं, उड़ा-उड़ा सा, टूटा सा...
खूबसूरत और पाकीज़ा ये कम नहीं,
लेकिन पूछो खुद से तो पता चले शायद
कि ये सुर्ख होने के अपने अंजाम तक
क्यूँ नहीं पहुंचा!

वसन्त - 17 
फिर सुबह होगी
और फिर शाम होगी.
फिर तुम्हारे साथ,
तुम्हारी तस्वीरों के साथ,
और तुम्हें भूल जाने की
झूठी कोशिश के साथ
ज़िन्दगी गुज़र होगी...

तुम खुश रहना...
ज़िन्दगी रही
तो अगले वसन्त में
फिर से मिलेंगे. 

Monday, June 24, 2013

बैग वो जिसमे मेरे-तुम्हारे कपड़े कुछ रातों सोये थे...

What? I am writing poems for an old, torn, worn-out bag now? Well, you know why this bag was so special? Because it was my mate in all my travels from IIMA to home and from IIMA to IIM Indore and from IIMA to anywhere!! This was a magical bag, where you could fill all you want and then, a little more could be filled. Once I won a bet on that too - this bag, seemingly, had an infinite and ever expanding space inside. 

Anyhow, these are the last picture of my beloved buddy bag of best days... for today, I filled it (partially, as there is infinite space inside, you see) with some stuff and dispatched for Uttarakhand. 
As a final favor, this bag has inspired a nazm too: 

एक एक कर धागे टूट रहे हैं सारे ,
एक एक कर रिश्ते सारे
तोड़ रहा हूं।

एक महीना बीता जब
वो कलम तुम्हारी
दी थी कहीं किसी को
और फिर बिना लिये ही
सरक लिया था, 
कई महीने पहले उससे
गिफ़्ट जो तुमने किये थे
सारे
कुर्ते मैंने
दान दिये थे।
पिछले हफ़्ते तोड़ दिया
जो फ़ोन तुम्हारे संग लिया था,
बैग वो जिसमे मेरे-तुम्हारे
कपड़े कुछ रातों सोये थे,
सोफ़ा जिसपर
हम-तुम दोनों संग बैठे थे
वो दीवान
तुम्हारी ज़ुल्फ़ की
खुशबू वाला

और तुम्हारे हाथों
सँवरी तस्वीरें सब,
कई किताबें
जिन पर दो-दो नाम लिखे थे,
वालेट
जिसमें इक तस्वीर थी


और वो घड़ी
कि जिसका
वक्त तुम्हारा था,
छोड़ दिये हैं,
गुमा रहा हूँ,
तोड़ दिये हैं,
भुला रहा हूँ
मेहनत करनी पड़ती है
जितनी इक रिश्ता
बुनने में,
उतनी ही मैं लगन से उस
रिश्ते के धागे
जला रहा हूँ!

Monday, August 27, 2012

Economics and Poetry

When my mind and heart both run towards economics and poetry both, in no particular order, I get more insane than usual. Wrote the following verses in such a state at different times...



One for Microeconomics of demand and supply:

तेरे गुस्से की सप्लाई कुछ इतनी ज़्यादा है जानाँ 
तेरे गुस्से का भाव दिन-ब-दिन गिरता ही जाता है 


And one for macroeconomics of inflation (first two lines are for setting the tone only):

मौला मेरे ऐसा कर दे
उसको मेरे जैसा कर दे

इन्फ़्लेशन बढ़ जायेगा गर तू 
मिट्टी को भी पैसे कर दे 



And one for socialism:

जिनके बच्चों को रोटी मयस्सर नहीं 
उनको सपने दिखाये बदामी सुनो 





Saturday, August 4, 2012

एक नज़्म माज़ी के नाम


लिखने पता नहीं क्या बैठा था, लिख पता नहीं क्या गया। जो लिख गया वो, हमेशा की तरह, समझने वाला एक ही है। और अब उसकी भी कोई खबर नहीं आती। खैर, इसी बहाने लेकिन एक नज़्म तो हुई - उन पुराने दिनों के नाम - 

तुम्हे पता भी नहीं 
वो
तुम्हारे वास्ते 
सुबहों को 
लाता था पपीते जो 
तुम्हारी इक हँसी के वास्ते  
चुन-चुन के 
रटता था लतीफ़े जो 
तुम्हारे वास्ते 
भर-भर के 
पढ़ता था कसीदे जो 
तुम्हारे वास्ते जिसने 
बदल डाले अकीदे वो 

जिसे तुमने कभी अपनी 
कहानी का कोई 
फ़रियाल लिखा था 
कि जिसके कंधे पर 
सर रख के तुमने 
कुछ न बोला था 
कि जिसके सामने तुमने 
बिछा दीं बारहा 
तस्वीरे 
अपने माज़ी की सारी 
कि जिसके सामने तुमने 
सभी मासूम अपनी ख्वाहिशें 
ज़ाहिर करी थीं ना 

वही इक शख्स 
जिसकी इल्तिजा बस इतनी रहती थी 
कि तुम हँसती दिखो हरदम 
वही इक शख्स 
जिसकी हर दुआ इतनी ही रहती थी 
कि आसूदा रहो हरदम 
वही इक शख्स 
जिसका एक ही इसरार था तुमसे 
बनो ता-ज़ीस्त के हमदम 
वही इक शख्स 
अब हर शब 
तुम्हें यूँ याद करता है 
किसी दम दम निकल जाये 
तो शायद तेरे दामन तक 
कोई फिर रास्ता निकले
कि अब तो इस जनम के रास्ते सारे 
बस इक अंधेरे कमरे तक 
पहुँच कर 
खत्म होते हैं।  

4 अगस्त 2012 

Friday, June 15, 2012

मुझको फिर से गलत कहेंगे वो...

Since I abandoned my poetry blog some years ago, I never shared my poems on any other forum. 
However, last month I shared a ghazal through a Facebook note. Sharing the same here again: 
दौरे-हाज़िर में रह रहा हूँ मैं
किस कदर ज़ुल्म सह रहा हूँ मैं।

अपनी आवाज़ भूल जाता हूँ
कितना खामोश रह रहा हूँ मैं।

इक समन्दर है मेरे भीतर ही
और चुपचाप बह रहा हूँ मैं।

कभी उठा था आस्माँ की तरह
अब तो टुकड़ों में ढह रहा हूँ मैं।

ये जहाँ मात चाहता था सदा
और हमेशा ही शह रहा हूँ मैं।

जब वो यह चाहते थे वो था मैं
चाहिये वो तो यह रहा हूँ मैं।

मुझको फिर से गलत कहेंगे वो
फिर से कुछ उनसे कह रहा हूँ मैं।

Monday, June 13, 2011

एक आदमी जो हार गया

वो अंदर से बिल्कुल खाली था - प्रेम, विद्रोह, ज्ञान, कवित्त, सामर्थ्य और लाचारी से लबालब भरा हुआ _ _ _ और तब भी बिल्कुल खाली.

उसके अन्दर एक वीराना था - जहाँ वो अक्सर सारे आस-पास से दूर जा के बैठ जाता और अपने खालीपन को भरी-भरी आँखों से देखता रहता।

एक आदमी जो हार गया।

Monday, March 15, 2010

एक थे अमीर खुसरो, एक थे सिद्धार्थ रस्तोगी

एक बार अमीर खुसरो को सफ़र के दौरान प्यास लगी। वे एक कुएँ पर पहुँचे जहाँ चार औरतें पानी भर रही थीं और उनसे पानी माँगा। उन औरतों ने खुसरो से पहले कविता सुनाने की फ़र्माइश की। खुसरो ने उनके मन का विषय पूछा। पहली ने खीर पर, दूसरी ने चरखे पर, तीसरी ने कुत्ते पर और चौथी ने ढोल पर कविता सुनाने को कहा। खुसरो ने सुनाया -

खीर पकाई जतन से
चरखा दिया चला
आया कुत्ता खा गया
तू बैठी ढोल बजा

आगे चलकर इतिहास में अमीर खुसरो काफ़ी प्रसिद्ध हुए और उर्दू कविता के पहले कवि के रूप में जाने गये।

*******

एक बार सिद्धार्थ रस्तोगी (जिनका घरेलू नाम मनु था) से उनके सबसे प्रिय मित्र ने किसी नये विषय पर कविता सुनाने को कहा। रस्तोगी ने विषय पूछा। तीन बार पूछने पर बारी-बारी से विषय मिले - लौकी, बोतल, और पिंक पजामा। रस्तोगी ने सुनाया-

बोतल, लौकी, पिंक पजामा
लेकर निकले मन्नू मामा
मामाजी से पूछो हाल
हरदम बोलें बहुत मजा मा

आगे चलकर सिद्धार्थ रस्तोगी ने अर्थशास्त्र में शोध किया, कई ब्लाग लिखे और कविताई के नाम पर भी काफ़ी कोशिशें कीं। उनके किसी भी काम से किसी को कोई फ़रक नहीं पड़ा।

Thursday, November 12, 2009

Pictures and Poems

A picture is worth thousand words but when I embarked on finding those thousand ones, I found some poems. Here are two pictures that triggered me to write some lines, as given below the relevant pic.

बहुत हरी हैं मेरी
ज़िन्दगी की राहें अब
तेरे कदमों की हरारत के बिना
काई सी जम गयी है राहों में।



मैं झुका रहा तू तना रहा
यूँही फ़ासला सा बना रहा
ना तू मुतमईन ना मैं मुन्तज़िर
ज़रा सोच आखिर:श क्या रहा

Sunday, September 14, 2008

Anniversary

एक बरस बीत गया

सूरज पाने बढ़ा था

हाथ जल गया केवल
हाथ कुछ नहीं आया!

LinkWithin

Related Posts with Thumbnails